नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के अंबेडकर कोनसीमा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 22 साल की महिला की उसके लिव-इन पार्टनर ने हत्या कर दी, क्योंकि उसने देह व्यापार करने से मना कर दिया था. यह घटना बुधवार रात राजोलु मंडल के बी. सावरम गांव के सिद्धार्थ नगर में हुई.
मृतका का नाम ओलेटी पुष्पा था, जो पिछले छह महीनों से अपने पति से अलग होने के बाद शेख शम्मा (22 साल) के साथ रह रही थी. दोनों ने गांव में एक किराए का मकान लिया था. पुलिस के अनुसार, शम्मा को हाल ही में शक होने लगा था कि पुष्पा का अन्य पुरुषों के साथ संबंध है. वह उस पर देह व्यापार करने का दबाव डालता था और शराब पीकर अक्सर उससे झगड़ा करता था.
बुधवार रात करीब 10 बजे, जब शम्मा ने फिर से पुष्पा को देह व्यापार के लिए मजबूर किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. पुष्पा के मना करने पर शम्मा ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी छाती के बाएं हिस्से और पैर में चाकू मार दिया. पुष्पा की मां गंगा और भाई ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन शम्मा ने उन पर भी हमला किया, जिससे वे घायल हो गए.
पुष्पा की मौके पर ही ज्यादा खून बहने से मौत हो गई. राजोलु सर्कल इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की दो टीमें शम्मा की तलाश में हैं, जो अभी फरार है. मामले को लेकर पुलिस अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है और पता लगा रही है कि इसमें कोई और तो शामिल नहीं था.