Gold and Silver price today: शुक्रवार को कीमती धातुओं के बाजार में काफी तेजी से बदलाव देखा गया. पश्चिम एशिया के बढ़ते तनाव के बावजूद घरेलू स्तर पर सोना और चांदी के भाव में नोटिस करने लायक कमी आई. सुबह बाजार मजबूती के साथ शुरू हुआ था, लेकिन दिन के अंत तक काफी गिरावट दर्ज हुई.
इंडिया बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,835 रुपए घटकर 1,58,751 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई. इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,45,416 रुपए और 18 कैरेट सोना 1,19,063 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. चांदी में भी भारी नुकसान हुआ, जहां प्रति किलोग्राम भाव 3,489 रुपए की गिरावट के साथ 2,60,723 रुपए पर आ पहुंचा. पिछला बंद स्तर 2,64,212 रुपए प्रति किलोग्राम था.
विशेषज्ञों के मुताबिक, हाल की तेज रैली के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालने की रणनीति अपनाई, जिससे दबाव बढ़ा. हालांकि वैश्विक स्तर पर अनिश्चितताओं के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बनी रही, जिसने कीमतों को ऊंचे स्तर पर सपोर्ट दिया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 14.70 डॉलर (0.29%) चढ़कर 5,095.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा, जबकि चांदी 1.4% की बढ़त के साथ 83.40 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी.
व्यापारियों का मानना है कि मध्य पूर्व के भू-राजनीतिक मुद्दों और सुरक्षित परिसंपत्तियों की खरीदारी ने घरेलू बाजार को कुछ हद तक सहारा दिया, लेकिन मुनाफावसूली का असर ज्यादा प्रमुख रहा.