गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुए नीट (NEET) छात्र की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इस घटना में शामिल एक आरोपी रहीम को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है. वहीं, दो अन्य आरोपियों की पहचान करके इनाम घोषित किया गया है. एक आरोपी जो कि ग्रामीणों की पिटाई से घायल था. पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है. गोरखपुर के एसएसपी ने कहा कि दो इनमिया आरोपियों की तलाश जारी है. जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा.
गोरखपुर जिले के पिपराइच क्षेत्र के जंगल छत्रधारी गांव के महुआ चाफी टोला में सोमवार की देर रात पशु तस्करों ने 16 वर्षीय युवक दीपक गुप्ता को निर्मम हत्या कर दी थी. हत्या के बाद गोरखपुर में जमकर बवाल हुआ था, जहां ग्रामीण लगातार बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. पुलिस के द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई थी. एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अभिताभ एस गोरखपुर पहुंचकर लगातार पूरे प्रकरण की मॉनिटर कर रहे थे. बुधवार को पुलिस टीम ने मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं, अन्य की तलाश जारी है.
गोरखपुर के एसएसपी राज नयन नय्यर ने बताया कि अब तक के पूरे प्रकरण में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक आरोपी को मौके पर ही ग्रामीणों ने पकड़ लिया था, और पिटाई की थी, जिसका इलाज चल रहा है. वहीं, दो अन्य आरोपी छोटू और राजू को भी पुलिस में गिरफ्तार कर लिया है. एक आरोपी रहीम जो कि पुलिस पर फायरिंग करके भागने का प्रयास कर रहा था, उसे कुशीनगर पुलिस और पिपराइच थाना प्रभारी ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है. अन्य दो आरोपियों की पहचान हो गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है.