GPS in Wife Slipper: पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में एक चौंकाने वाला घरेलू मामला सामने आया है. एक शख्स को अपनी पत्नी पर शक हो गया था. उसने चुपके से अपनी पत्नी की चप्पल के अंदर एक GPS ट्रैकर लगा दिया, ताकि वह उसकी हर गतिविधि पर नजर रख सके. शनिवार को जब वह अपने काम पर निकला, तो मोबाइल पर लगातार लोकेशन चेक करता रहा.
कुछ समय बाद जब उसने देखा कि पत्नी की लोकेशन कुछ संदिग्ध जगह पर आ रही है, तो वह अचानक घर लौट आया. घर का दरवाजा खोलते ही उसकी आंखें फट गईं. पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर में मौजूद थी. इसके बाद घर में जोरदार झगड़ा शुरू हो गया. शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी भी जमा हो गए. हंगामे के दौरान धक्का-मुक्की भी हुई.
पति ने गुस्से में प्रेमी की लाइसेंसी पिस्तौल और सोने की चेन भी छीन ली. आसपास के लोगों के बताने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को थाने ले गई. थाने में देर रात तक बातचीत और ड्रामा चलता रहा. पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद पति, पत्नी और प्रेमी तीनों ने आपस में बात मान ली. उन्होंने पुलिस को बताया कि वे कोई लिखित शिकायत या कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते.
आखिरकार पुलिस ने बिना किसी केस दर्ज किए तीनों को छोड़ दिया. फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी मोहम्मद शहबाज आलम ने बताया कि डायल 112 की टीम ने कुछ लोगों को थाने लाया था, लेकिन किसी ने भी लिखित आवेदन नहीं दिया, इसलिए सभी को जाने दिया गया. यह घटना अब पूरे इलाके में काफी चर्चा में है.