Kishanganj Corrupt DSP: बिहार सरकार ने किशनगंज के पूर्व डीएसपी गौतम कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. उन्हें तुरंत निलंबित कर दिया गया है और इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी हो चुका है. आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की जांच में पता चला कि गौतम कुमार ने अपनी वैध आय से कहीं ज्यादा संपत्ति जमा की है.
उनके पास कुल 80 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्तियां होने का खुलासा हुआ है. ये संपत्तियां सिर्फ उनके अपने नाम पर नहीं, बल्कि उनकी पत्नी, सास, कई महिला मित्रों और अन्य परिचितों के नाम पर भी दर्ज पाई गई हैं. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गौतम कुमार की नौकरानी भी लग्जरी जीवनशैली जी रही है, जिस पर सवाल उठ रहे हैं.
31 मार्च को आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने किशनगंज, पटना, पूर्णिया और आसपास के कई इलाकों पर एक साथ छापेमारी की थी. छापों में मिले दस्तावेजों और सबूतों से पता चला कि उन्होंने अपनी आय के मुकाबले करीब 60 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति अर्जित की है. अभी टीम गौतम कुमार की महिला परिचितों के नाम पर खरीदी गई सभी संपत्तियों की गहन जांच कर रही है.
इस सिलसिले में सिलीगुड़ी, नेपाल से लगती सीमा वाले इलाकों और अन्य संभावित जगहों पर भी छानबीन चल रही है. टीम सिलीगुड़ी में उनके फ्लैट की जानकारी पर वहां स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. किशनगंज में भी एक अन्य महिला के नाम पर मौजूद संपत्तियों का आकलन किया जा रहा है. इसके अलावा, किशनगंज के पास पश्चिम बंगाल में चल रहे एक होटल के मालिक से भी संबंधों की जांच हो रही है. जांच में नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है, जिसकी दिशा में टीम आगे काम कर रही है.
अररिया जिले के फारबिसगंज इलाके में हाल ही में जमीन खरीदने और वहां चारदीवारी बनाने की जानकारी मिलने के बाद उस जगह की भी जांच शुरू कर दी गई है. आर्थिक अपराध इकाई अब पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए कई लोगों से पूछताछ करने वाली है. जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके ठिकानों, व्यवसायों और लेन-देन का पूरा सत्यापन किया जा रहा है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है. मामले की जांच अभी भी जारी है.