उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नेत्रहीन पति की नौकरी के लिए पत्नी ने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर पति की ही हत्या कर दी है. पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए पत्नी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
महिला के प्रेमी ने 80 हजार रुपए देने का वादा कर अपने दो साथियों को हत्या के लिए राजी किया था और 20 हजार रुपए एडवांस के रूप में दी थी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक 23 अप्रैल 2024 को जानी थाना क्षेत्र में सिसौला बंबा के पास पुलिस को एक युवक का शव मिला था. वहीं पीएम रिपोर्ट में डूबने से उसकी मौत होना बताया गया था. इसे लेकर एसओ प्रजंत त्यागी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान सिविल लाइंस थाने के सूरजकुंड निवासी नरेंद्र के रूप में की गई, जो नेत्रहीन था.
नरेंद्र सूरजकुंड स्थित पशु चिकित्सालय में नौकरी करता था. वहीं सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि तीन युवक नरेंद्र को साथ ले गए थे. इसी बीच पुलिस को पता चला कि नरेंद्र की पत्नी का धीरज से प्रेम संबंध है, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया और पूछताछ में उसने हत्या की बात बताई.
जानकारी मिली है कि धीरज ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया है और वह चाहता था कि दिव्यांग नरेंद्र के मरने के बाद उसकी नौकरी पूनम को मिल जाएगी. तब दोनों आपस में शादी कर लेंगे. इसी के मद्देनजर उसने पानी में डूबोकर नरेंद्र की हत्या कर दी.