Odisha Gangrape: ओडिशा के गोपालपुर में इंसानियत शर्मसार हुई है, जहां अपने दोस्त के साथ बीच पर बैठी छात्रा को 10 दरिंदों ने अपनी हवस का शिकार बनाया है, इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. गोपालपुर थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए इन आरोपियों को गिरफ्तार किया. सबसे बड़ी बात ये रही कि इन लोगों में 4 नाबालिग भी शामिल थे.
बीच पर हुई लड़की के साथ हैवानियत
जानकारी के मुताबिक ये मामला 15 जून का है, जब बरहमपुर के एक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा अपने दोस्त के साथ गोपालपुर घूमने के लिए गई थी, शाम को करीब 6.30 बजे ये लोग एक सुनसान इलाके में पहुंचे, जहां इनसे थोड़ी ही दूर कुछ और लोग भी बैठे हुए थे, रात को करीब 8 बजे के आसपास 10 युवक छात्रा और उसके दोस्त के पास पहुंचते हैं, जहां ये लोग लड़के को पकड़ लेते हैं, जबकि लड़की को करीब 15-20 मीटर दूर लेकर जाते हैं. इस दौरान पांच लोगों ने लड़के को पकड़ा और बाकी पांच लोगों ने लड़की को पकड़ा, इन लोगों में से 3 आरोपियों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. जिसके बाद रात को करीब 10 बजे के आसपास दोनों को पुलिस के पास ना जाने की धमकी देते हुए फरार हो गए.
शिकायत पर पुलिस ने लिया ऐक्शन
दरिंदगी की शिकार बनी लड़की और उसका दोस्त रात में ही करीब 11 बजे गोपालपुर पुलिस स्टेशन पहुंचते हैं. और इसकी पूरी जानकारी पुलिस को देते हैं, जिसके बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक टीम का गठन करती है, और इन आरोपियों की तलाश में जुट जाती है, जिसमें से 7 आरोपियों को पहले हिरासत में लिया जाता है, इनसे पूछताछ कर बाकी लोगों के बारे में भी जानकारी निकाली जाती है और बाकी लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाता है. पुलिस ने इन लोगों पर 70(1), 296, 351(3), 310(2) BNS के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक पकड़ गए लोगों में से 4 वयस्क और 4 नाबालिग हैं.
डिप्टी सीएम ने किया एक्स पर पोस्ट
जब ये खबर सामने आई तो लोगों में गुस्सा था और विपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने प्रदेश सरकार को पूरी तरह से फेल करार दिया है, तो वहीं ओडिशा की डिप्टी सीएम प्रभाती परिदा ने X पर इस घटना को लेकर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा, "गोपालपुर बीच पर हुए गैंगरेप की घटना ने मुझे बेहद व्यथित किया है, 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, भविष्य में इस तरह की कोई घटना ना हो, मामले की गहराई से जांच की जाए इसके लिए SP से बात कर निर्देश दिये गए हैं”