Hanuman Ansh : फिल्म हनुमान अंश की कहानी बॉक्स ऑफिस पर किसी चमत्कार से कम नहीं रही. रिलीज के समय फिल्म को खास दर्शक नहीं मिल रहे थे और पहले दिन इसका कलेक्शन महज करीब 10 लाख रुपये रहा. शुरुआती दो हफ्तों में भी कारोबार धीमा रहा, लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रियाओं और मजबूत माउथ पब्लिसिटी ने फिल्म की पूरी तस्वीर बदल दी.
इसके बाद फिल्म के कलेक्शन में लगातार तेजी आई. रिपोर्टों के मुताबिक तीसरे सप्ताह में ही फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये कमाए. 24वें दिन तक इसका भारत में नेट कलेक्शन 40 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया और 25वें दिन तक फिल्म करीब 47 करोड़ रुपये कमा चुकी थी. अब फिल्म 50 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर बढ़ रही है.
फिल्म की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि यह बड़े स्टार्स और भारी-भरकम बजट वाली फिल्म नहीं है. हनुमान अंश आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित है. फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि नीम करोली बाबा की भूमिका शोभिनव सत्य ने निभाई है.
नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने भी फिल्म की सफलता की तारीफ की. उन्होंने फिल्म को थिएटर में देखने के अनुभव को शुद्ध सिनेमाई मैजिक बताया और विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन तथा शोभिनव सत्य के अभिनय की सराहना की. उनके मुताबिक कम बजट और बिना बड़े स्टारकास्ट की यह फिल्म पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक अहम केस स्टडी है.
यह फिल्म दिखाती है कि मजबूत कहानी, दर्शकों की प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी कई बार बड़े बजट और स्टार पावर पर भारी पड़ सकती है.