Hanuman Ansh: बॉलीवुड फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है. कोई बड़ा स्टार न होने के बावजूद रिलीज के सातवें वीकेंड तक फिल्म ने दुनियाभर में 350 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है. सिर्फ करीब 2 करोड़ रुपए की लागत में बनी इस फिल्म ने अपनी बजट से कई गुना कमाई कर हैरान कर दिया है. फिल्म की शुरुआत काफी धीमी रही थी.
पहले दिन महज 10 लाख रुपए कमाए और शुरुआती दो हफ्तों में कुल कमाई करीब 1.50 करोड़ रुपए ही रही. लेकिन पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का जादू चला और धीरे-धीरे कलेक्शन ने रफ्तार पकड़ ली. चौथे हफ्ते से फिल्म हर हफ्ते भारत में 60 करोड़ रुपए से ज्यादा की नेट कमाई कर रही है. रिलीज के 46वें दिन सोमवार को भी करीब 4 करोड़ रुपए जोड़े. भारत में नेट कलेक्शन 276 करोड़ और ग्रॉस 326 करोड़ रुपए पहुंच गया है.
इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में यह चौथे स्थान पर है. विदेशों में भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. होम्बले फिल्म्स द्वारा वर्ल्डवाइड डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स खरीदने के बाद तीन हफ्तों में करीब 2.8 मिलियन डॉलर की कमाई हुई. कुल मिलाकर दुनियाभर में ग्रॉस कमाई 352 करोड़ रुपए पार कर चुकी है.
नीम करोली बाबा की कहानी पर आधारित
‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है. यह प्रस्तावित ट्रिलॉजी की पहली कड़ी है. कहानी विशाल चतुर्वेदी ने लिखी, निर्देशित और निर्मित की है. फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डेटोर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ से प्रेरित है.
शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं. अनिल रस्तोगी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल और नेहा परांजपे भी अहम किरदार निभा रहे हैं. फिल्म 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई थी और अब भी थिएटर्स में मजबूती से चल रही है.