हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में घर के पास संदिग्ध हैंड ग्रेनेड जैसी वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया. पॉलीथिन में लिपटी संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर दिया और संदिग्ध वस्तु को अपनी निगरानी में ले लिया. बम निरोधक दस्ते को भी सूचना दी गई है.
पुलिस के मुताबिक, जोधनपुरवा मजरा पलिया निवासी सतीश पुत्र रामसेवक राठौर ने डायल-112 पर सूचना दी कि उसके घर के पास एक हैंड ग्रेनेड पड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया. एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया.
सतीश के मुताबिक, रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में पॉलीथिन में लिपटी कोई संदिग्ध वस्तु फेंकी थी. बताया जा रहा है कि वस्तु पहले तिरपाल और फिर जमीन पर गिरी और बाद में पानी में भी चली गई. सतीश ने उसे संदिग्ध समझकर घर से बाहर कर दिया. सुबह पॉलीथिन खोलने पर उसके अंदर हैंड ग्रेनेड जैसा सामान दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.
परिजनों ने आपसी रंजिश के चलते कुछ रिश्तेदारों पर घर में हैंड ग्रेनेड फेंकने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है. पुलिस संदिग्ध वस्तु की वास्तविकता और उसके स्रोत की जांच कर रही है.
सीओ हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई है. संदिग्ध वस्तु के सुरक्षित निस्तारण और जांच के लिए बिडीडीएस टीम को बुलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था सामान्य है.