साहिल-समीरा की खुफिया साजिश! भारत के 8 सिम दुबई होकर पाकिस्तान पहुंचे, आईएसआई को भेजी सैन्य जानकारी, दोनों गिरफ्तार

Global Bharat 28 Aug 2026 12:56 PM 1 Mins
साहिल-समीरा की खुफिया साजिश! भारत के 8 सिम दुबई होकर पाकिस्तान पहुंचे, आईएसआई को भेजी सैन्य जानकारी, दोनों गिरफ्तार


नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल और समीरा के रूप में हुई है. दोनों पर सोशल मीडिया के जरिए आईएसआई के संपर्क में आने और भारत से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाने का आरोप है.

पुलिस की जांच के अनुसार साहिल और समीरा वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर आईएसआई के संपर्क में आए थे. इसके बाद दोनों ने पाकिस्तान स्थित अपने संपर्कों के निर्देश पर भारत से करीब 8 मोबाइल सिम कार्ड खरीदे. इन सिम कार्ड को कथित तौर पर दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजा गया.

जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान पहुंचने के बाद इन मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सअप एक्टिव किया गया. इसके बाद इन नंबरों का इस्तेमाल भारत में मौजूद विभिन्न व्हाट्सअप ग्रुपों में शामिल होने के लिए किया गया. आरोप है कि इन ग्रुपों के जरिए भारत से जुड़ी सूचनाएं जुटाई जाती थीं.

स्पेशल सेल के मुताबिक आरोपियों ने सैन्य इलाकों और उनसे संबंधित गतिविधियों की जानकारी जुटाकर कथित तौर पर आईएसआई को भेजी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने किन-किन लोगों से संपर्क किया, कौन से व्हाट्सअप ग्रुपों में शामिल हुए और कितनी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाई गई.

पुलिस के अनुसार साहिल ने इग्नू से ग्रेजुएशन किया है और पहले एक वकील के साथ काम कर चुका है. बाद में वह बेरोजगार था. वहीं समीरा ने पत्राचार माध्यम से स्नातक की पढ़ाई की और फिलहाल नोएडा के एक कॉल सेंटर में नौकरी कर रही थी.

स्पेशल सेल दोनों से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस जासूसी नेटवर्क में इनके अलावा और कितने लोग शामिल हैं और आईएसआई से इन्हें किस माध्यम से निर्देश मिलते थे.

Sahil Sameera ISI Espionage 8 SIM Cards Dubai Pakistan Delhi Police Special Cell

Description of the author

Recent News