मुजफ्फरपुर (बिहार): जिले में नेशनल हाईवे पर रात के अंधेरे में हसीना गैंग का आतंक फैला हुआ है. गैंग के सदस्य सज-धजकर सड़क किनारे खड़े होते हैं और बाइक, कार या ट्रक चालकों से लिफ्ट मांगते हैं. जैसे ही कोई वाहन रुकता है, छिपे हुए साथी हमला बोलकर नकदी, मोबाइल और गहने लूट लेते हैं.
कई लोग इनके शिकार हो चुके हैं. बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. गुरुवार की रात हाउसिंग बोर्ड के पास ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक ट्रांसजेंडर और उसके साथी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. दोनों से कांटी थाने पर पूछताछ की गई, लेकिन पश्चिमी एडीपीओ वन सुचित्रा कुमारी के अनुसार हसीना गैंग से जुड़े ठोस साक्ष्य न मिलने पर उन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया.
मास्क लगाकर खेल
स्थानीय वार्ड सदस्य अखिलेश कुमार और अन्य लोगों को सूचना मिली कि एनएच किनारे गैंग के सदस्य वारदात की फिराक में हैं. मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति मास्क लगाए खड़ा मिला, जिसके साथी आसपास छिपे थे. मास्क हटाने पर वह ट्रांसजेंडर निकला. पूछताछ में उसने कहा कि लूटपाट नहीं, बल्कि पेट पालने के लिए खड़ा रहता है और पहचान छिपाने के लिए मास्क लगाता है.
हत्या में भी शक
कांटी और ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र सीमावर्ती होने से अपराधी आसानी से भाग निकलते हैं. 17 अगस्त को इसी हाउसिंग बोर्ड के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे. स्थानीय लोगों को शक है कि उस हत्या में भी हसीना गैंग का हाथ हो सकता है. लोग पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.