नई दिल्ली : ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी गांव में छह साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. वारदात के आरोपी 32 वर्षीय बलराज उर्फ बल्ले को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. पुलिस के मुताबिक हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दरअसल, 28 अगस्त की रात छह साल की बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी. परिजनों की शिकायत पर ईकोटेक-3 थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की. बच्ची को खोजने के लिए पांच टीमें लगाई गईं. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक संदिग्ध की पहचान हुई. जांच आगे बढ़ने पर बच्ची का शव खेत के पास बोरे में बरामद किया गया. सीसीटीवी में आरोपी को बच्ची को अपने साथ ले जाते और बाद में बोरी लेकर जाते हुए देखा गया था.
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम और जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उसने अवैध हथियार के बारे में जानकारी दी. हथियार बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे मौके पर ले गई थी. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान बलराज ने पिस्टल निकालकर टीम पर गोली चला दी. फायरिंग में एक कांस्टेबल के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. जवाबी फायरिंग में बलराज को गोली लगी.
पुलिस के मुताबिक बलराज के खिलाफ पहले भी बच्चों से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच समेत सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है.