नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बर्फबारी के कारण नुकसान की खबर मिल रही है. दो जगहों पर बादल फटने की भी बात बताई जा रही है. मौसम विभाग की और से जानकारी दी गई है कि पिछले 3 दिनों से राज्य का मौसल खराब है और कई स्थानों पर मुसलाधार बारिश हो रही है और की स्थानों पर बर्फबारी भी हो रही है, जिससे जन जीवन अस्त-व्यस्त है. कई स्थानों पर भूस्खलन होने की वजह से सड़के प्रभावित हुई हैं. कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नौर सहित विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश का सिलसिला जारी है. वहीं कुल्लू, कांगड़ा, चांबा और किन्नौर में नुकसान की भी खबर मिल रही है. उधर चांबा-पांगी और किन्नौर में भारी बर्फबारी की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है. कुल्लू और कांगड़ा में बादल फटने जैसे हालात बन गए हैं.
भारी बारिश के चलते राज्य में नदी नाले उफान पर हैं. सुरक्षाबलों को राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं. कुल्लू में भयंकर बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं. कई गाड़ियों के मलबे में डूबने की खबर मिल रही है. स्थानीय भुतनाथ पुल पर भी गाड़ियों को नाले बहते हुए देखा गया है. उधर, लारजी डैम से पानी भी छोड़ा गया, जिससे खतरा और उत्पन्न हो गया है. साथ बरोट डैम से भी पानी छोड़ने की खबर मिल रही है क्योंकि बड़ा बंगाल की तरफ बादल फटने की जानकारी मिल रही है, जिससे कुछ गाड़ियां बहकर इन इलाकों में आ गई है.
कहां कितनी बारिश हुई है
मौसम विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि भुंतर में 113.2, बंजार 112.4, मंडी के जोगिदरनगर में 112.0 और कुल्लू के सेऊबाग में 116.6 बारिश दर्ज की गई है. वहीं, पालमपुर में 99.2, चंबा में 97.0, शिमला के रामपुर में 95.6 और चंबा के सलूणी में 109.3 बारिश दर्ज की गई है. साथ ही जोत 94.6, बैजनाथ 75.0, कांगड़ा और करसोग 74.0, शिमला के रोहड़ू में 70.0 एमएम बारिश होने की बात कही गई है. उधर मनाली के कोठी में 5 फीट तक बर्फबारी होने की खबर मिल रही है. इसी तरह खदराला में 115.0, केलांग में 75.0, कल्पा 46.0, कुकुम सेरी 38.8, सांगला 23.5 सेंटीमीटर तक बर्फबारी की खबर मिल रही है.
मीडिय रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि हिमाचल प्रदेश के ज्यादा क्षेत्रों में बीती रात से ही जोरदार बारिश देखने को मिल रही है. सबसे अधिक हालात खराब में चांबा में हैं, जिससे सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बद कर दिया गया है. साथ ही अन्य जिलों में भी अवकाश घोषित किए गए हैं.
उधर लाहौल स्पीति के कई क्षेत्रों में तीन फीट से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है. पांगी, भरमौर, किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में भी डेढ़ से दो फीट स्नोफॉल की बात बताई जा रही है. भारी बर्फबारी के बाद लाहौल स्पीति जिला और पांगी में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गए हैं. कुछ इलाकों में सैलाब जैसी स्थिति देखने को मिल रही है. हालांकि नुकसान कितना हुआ है, इसकी अभी सटीक जानकारी नहीं मिल रही है. दावा किया जा रहा है कि राज्य में अभी कुछ और दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. उधर, उत्तराखंड़ और अन्य पहाड़ी वाले राज्यों में भी बर्फबारी की सूचना है.