UP, बिहार, झारखंड में भारी बारिश से तबाही, कई लोगों की गई जान, अभी और बिगड़ेंगे हालात...

Global Bharat 11 Jul 2024 03:26: PM 1 Mins
UP, बिहार, झारखंड में भारी बारिश से तबाही, कई लोगों की गई जान, अभी और बिगड़ेंगे हालात...

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है. बाढ़-बारिश से जुड़े हादसों के कारण इन राज्यों में अबतक करीब 45 लोग मारे जा चुके हैं. यूपी में भी कई नदियां उफान पर है. यूपी के साथ कई अन्य राज्यों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने बिहार के पांच जिलों को भारी बारिश के लिए अलर्ट किया है. राज्य में कमला, कोसी, बागमती समेत कई नदियां उफान पर है और सुपौल सहित विभिन्न जिलों में बाढ़ की स्थिति देखी जा रही है.

बिहार के इन जिलों में होगी भारी बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने किशनगंज, सुपौल और पूर्णिया , पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, सहरसा, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बांका, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भारी बारिश होने की बात कही है. साथ ही किशनगंज, सुपौल और पूर्णिया के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.

IMD ने सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि असम, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों को भी अलर्ट किया है. वहीं भारी बारिश के कारण उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की स्थिति भी भयावह नजर आ रही है. खतरे को देखते हुए उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को पहले ही रोक दिया गया था. राज्य के कई जिलों से भूस्खलन की भी जानकारी मिल रही है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है.

इन राज्यों में होगी भारी बारिश...

मौसम विभाग ने 12 जुलाई के लिए 9 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग की तरफ से बताया गया है कि 12 जुलाई यानी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, महाराष्ट्र और गोवा में भारी बारिश होगी और कई इलाकों में अकाशीय बिजली भी गिर सकती है. बता दें कि बाढ़ के कारण इन राज्यों की स्थिति पहले से ही खराब है, ऐसे में और अधिक बारिश स्थिति को और भयावह कर सकता है.

Recent News