नई दिल्ली/पटना/लखनऊ: लगातार चल रही प्रचंड गर्मी से लोगों को कल रविवार को बड़ी राहत मिलने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश-गरज के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है.
इसके प्रभाव से 7 जून (रविवार) को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में छिटपुट बारिश के साथ गरज-चमक और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम...
मानसून की इस सक्रियता से दक्षिण भारत (केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु) और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. भारी बारिश वाले इलाकों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की आशंका है. तेज हवाएं फसलों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा सकती हैं. आमजन को मौसम अपडेट चेक करते रहने और सतर्क रहने की अपील की गई है.
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. कृषि के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन यातायात और दैनिक जीवन पर असर पड़ने की भी आशंका है. अपने शहर का मौसम अपडेट के लिए IMD की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप चेक करते रहें.