Yusuf Pathan Video : तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद Yusuf Pathan ने अपनी लोकसभा सीट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और कुछ प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर वायरल हो रही है कि ममता बनर्जी ने उनसे बरहामपुर लोकसभा सीट से इस्तीफा देने को कहा है ताकि वह स्वयं वहां से चुनाव लड़ सकें.
यूसुफ पठान ने इन दावों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया. उन्होंने स्पष्ट कहा, “ममता बनर्जी ने इस विषय पर मुझसे कभी कोई बातचीत नहीं की है. यह दावा पूरी तरह झूठा है. न तो ममता बनर्जी और न ही पार्टी के किसी अन्य नेता ने मुझसे सांसद पद छोड़ने के लिए कहा है.
उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहें जानबूझकर फैलाई जा रही हैं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है. पठान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल की राजनीति में बरहामपुर सीट को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं. इसी बीच यूसुफ पठान के बयान ने स्थिति को स्पष्ट कर दिया है. उनके इस स्पष्टीकरण के बाद सीट छोड़ने और ममता बनर्जी के संभावित चुनाव लड़ने संबंधी अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है. TMC नेतृत्व की ओर से भी अब तक इस तरह के किसी प्रस्ताव या योजना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.