नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार 28 सितंबर को देश के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. उत्तराखंड, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. इसके साथ ही यूपी से बिहार तक समेत बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और आंधी-तूफान आने का अलर्ट है.
उत्तराखंड, कर्नाटक और अंडमान में भारी बारिश
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है. दक्षिण भारत में कर्नाटक के आंतरिक क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार में भी कई जगहों पर भारी बारिश की प्रबल संभावना है. यहां 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और थंडरस्कवॉल आने का अलर्ट जारी किया गया है.
पूर्वोत्तर से राजस्थान तक तूफानी हवाएं
असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. इन जगहों पर आकाशीय बिजली चमकने और बौछारें पड़ने की भी संभावना है.
बिहार, आंध्र, महाराष्ट्र में आंधी का खतरा
आंध्र प्रदेश, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, ओडिशा और तेलंगाना के विभिन्न जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बिजली चमकने की आशंका है.
मछुआरों के लिए खास चेतावनी
समुद्री क्षेत्रों में भी स्थिति प्रतिकूल बनी रहेगी. सोमालिया तट और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 45-55 किमी प्रति घंटे (झोंके 65 किमी तक) की तूफानी हवाएं चलेंगी. अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं का अलर्ट है. मौसम विभाग ने मछुआरों को इन क्षेत्रों में समुद्र में न उतरने की सलाह दी है. लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और सतर्क रहें.