गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ‘वोट चोरी’ और SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है. उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस को सीधा चैलेंज देते हुए कहा कि अगर केरल, कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारें इस्तीफा दे दें, तो वे खुद बैलेट पेपर पर चुनाव लड़ने को तैयार हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमंत ने कहा, “मैं बैलेट पेपर पर चुनाव लड़ने को तैयार हूं, बशर्ते राहुल गांधी और कांग्रेस अपनी सरकारों का इस्तीफा दें. केरल, कर्नाटक और तेलंगाना की सरकारें भी ज्ञानेश कुमार के समय में ‘वोट चोरी’ से ही बनी थीं.”
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेस के पास पर्याप्त लोग नहीं हैं. असम समेत पूरे देश से लोगों को किराए पर लाया गया है. हिमंत ने आगे कहा, “प्रस्ताव रखो. मैं मानक स्थापित करना चाहता हूं कि सांसद पद से इस्तीफा देकर आंदोलन करूं.” मुख्यमंत्री ने SIR का बचाव करते हुए कहा कि अवैध घुसपैठ के कारण असम, पश्चिम बंगाल और झारखंड की जनसंख्या बदल रही है. हर पांच साल में SIR जरूरी है, तभी भारतीय लोकतंत्र बचेगा.
उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन को जनता के समर्थन के बिना ‘रेजीम चेंज’ की कोशिश बताया और कहा कि इसमें सिर्फ 2-3 हजार निराश लोग और ‘दिमागी नक्सली’ शामिल हैं, जो भारत की तरक्की नहीं चाहते. यह बयान ऐसे समय में आया है जब INDIA गठबंधन दिल्ली में SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है.