उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एसडीएम रिंकू सिंह राही का पद मंगलवार को छीन लिया गया और उनका तबादला उरई कर दिया गया। यह तबादला आईएस रिंकू सिंह राही और भाजपा ब्लॉक प्रमुख के बीच हुए विवाद के बाद किया गया। जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पांडेय द्वारा की गई कार्रवाई के बाद भी भाजपा ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, आईएस रिंकू सिंह राही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और एफआईआर दर्ज कराने पर जोर दे रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख का कहना है कि वह इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और अपनी मुहिम जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि वह एसडीएम रिंकू सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
23 जून को आईएस रिंकू सिंह राही बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उनका भाजपा ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के साथ विवाद हो गया। ब्लॉक प्रमुख के मुताबिक, आईएस रिंकू सिंह राही ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथ उठाने का भी प्रयास किया। इसके बाद रिंकू सिंह राही से एसडीएम का पद वापस ले लिया गया। उनकी जगह अब उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी कार्यभार संभालेंगे।
आईएस रिंकू सिंह राही अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। शाहजहांपुर में एसडीएम रहते हुए वह उठक-बैठक विवाद, 83 करोड़ रुपये के मामले, जानलेवा हमले और नेताओं के साथ हुए विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। यूपीपीएससी-2021 की परीक्षा में आईएस रिंकू सिंह राही ने 683वीं रैंक हासिल की थी।