पुणे केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस बीच अब सामने आया है कि शादी तय होने से पहले केतन और सिया के परिवार वालों ने दोनों के गुण मिलवाए थे। ज्योतिषियों के मुताबिक, केतन और सिया के 36 में से 27 गुण मिले थे। जहां केतन का देव गण था, वहीं सिया का मनुष्य गण था। ज्योतिषियों ने दोनों के बीच अच्छे तालमेल और सुखी वैवाहिक जीवन की भविष्यवाणी की थी।
वहीं, पुलिस ने दावा किया है कि सिया ने अपने बॉयफ्रेंड चेतन के साथ मिलकर केतन को मारने की तीन बार कोशिश की थी। यहां तक कि अपने घर के पास एक स्थान पर उसने केतन को गिराने की रिहर्सल भी की थी। पुलिस अब उस जगह की भी जांच करेगी।
सिया और उसका साथी चेतन चौधरी वडगांव मावल पुलिस की हिरासत में हैं। दोनों से कड़ी पूछताछ चल रही है। बताया जा रहा है कि हिरासत में चेतन बेचैन है, जबकि सिया शांत है, लेकिन जांच में सहयोग नहीं कर रही है।
19 जून को लोहागढ़ किले से गिरकर केतन अग्रवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जहां उसकी मंगेतर सिया भी मौजूद थी। इसके बाद मृतक के पिता ने 21 जून को पुलिस स्टेशन जाकर हत्या का मामला दर्ज कराया। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने पहले चेतन और फिर सिया को गिरफ्तार कर लिया।