बेंगलुरु: कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. खानापुर तालुक के नंदगड़ गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को आग के हवाले कर दिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कृष्णा पाटिल (34) के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी मंजुला पाटिल (32) के पहनावे को लेकर अक्सर उससे झगड़ा करता था. बताया जा रहा है कि वह चाहता था कि उसकी पत्नी घर में नाइटड्रेस की जगह साड़ी पहने, जिसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था.
मंगलवार रात को इसी मुद्दे पर दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई. आरोप है कि गुस्से में आकर कृष्णा पाटिल ने पत्नी पर केरोसिन डालकर आग लगा दी.
घटना में महिला करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई. उसे पहले बेलागावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बाद में गोवा के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
इस मामले में नंदगड़ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है.
यह घटना घरेलू विवाद के खतरनाक रूप और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर करती है.