नई दिल्ली: नए साल 2026 की शुरुआत से ही देशभर में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. मौसम में आए बदलाव के कारण कई इलाकों में लोग ठिठुरन महसूस कर रहे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में सर्दी के तीनहरे हमले की आशंका जताई है, जिसमें कड़ाके की ठंड, हिमपात और सुबह-शाम घना कोहरा शामिल है.
खास तौर पर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे तापमान काफी नीचे गिर सकता है और ठंड बेहद तीव्र हो जाएगी. इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय तथा त्रिपुरा में कई जगहों पर शीतलहर की स्थिति बन सकती है.
सुबह के वक्त घना कोहरा छाने से दृश्यता बहुत कम हो जाएगी, जिसके कारण सड़क पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो सकता है और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से हिल स्टेशनों की रौनक बढ़ गई है. बड़ी तादाद में पर्यटक परिवार सहित बर्फ का मजा लेने के लिए मनाली, शिमला, गुलमर्ग जैसे स्थानों पर पहुंच रहे हैं.
न केवल घरेलू, बल्कि विदेशी सैलानी भी भारत के विभिन्न पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे पर्यटन क्षेत्र को अच्छा खासा बढ़ावा मिल रहा है. मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर यात्रा करने वालों को कोहरे और ठंड का खयाल रखने की सलाह दी गई है.