आस्ट्रेलिया और भारत के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट मैच एडिलेड ओवल में खेला जा रहा है. इस मैच की शुरुआत भारत के लिए बेहद खराब रही. मैच के पहले ही गेंद पर भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल पवेलियन लौट गए. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने उन्हें आउट किया.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टार्क ने यशस्वी जायसवाल को स्विंग कराने के लिए गेंद डाली. स्टार्क को अपनी योजना में सफलता मिली और गेंद ने स्विंग करना शुरू किया, लेकिन जायसवाल उसे सही से पढ़ नहीं सके. गेंद उनके पैड पर सीधा लगी, और अंपायर ने अपील के बाद उन्हें आउट दे दिया. जायसवाल ने इस फैसले को चुनौती नहीं दी और बिना रिव्यू लिए पवेलियन लौट गए.
पर्थ टेस्ट में हुई थी स्लेज
आपको याद दिला दें कि इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में, जो पर्थ में खेला गया था, यशस्वी जायसवाल ने मिचेल स्टार्क को स्लेज किया था. उस मैच में जायसवाल ने शानदार 161 रन बनाए थे, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उस दौरान जायसवाल ने स्टार्क से कहा था कि उनकी गेंदें काफी धीमी आ रही थीं. हालांकि, इस टेस्ट में स्टार्क ने उन्हें जल्दी आउट कर दिया, जो किसी भी क्रिकेटर के लिए एक बड़ा झटका होता है.
पहले टेस्ट की भारत की बड़ी जीत
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराया था. इस शानदार जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अब दूसरी टेस्ट मैच में भारत की नजर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने पर है, और अगर वे यह मैच जीतते हैं, तो उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ जाएगा.
भारत के प्रशंसक अब उम्मीद कर रहे हैं कि यशस्वी जायसवाल दूसरे इंनिंग्स में शानदार वापसी करेंगे, जैसा कि उन्होंने पहले टेस्ट में किया था. इस मैच में एडिलेड ओवल पर पिंक बॉल टेस्ट के रोमांच का मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है.