नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में स्थायी सदस्यता की भारत की दावेदारी को यूरोप के चार प्रमुख देशों का बड़ा समर्थन मिला है. संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान भारत और विसेग्राद समूह (V4) के विदेश मंत्रियों की पहली बैठक में पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य ने भारत की स्थायी सीट की मांग का एकजुट होकर समर्थन किया.
स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने बैठक के बाद कहा कि चारों V4 देश भारत की दावेदारी पर एकमत हैं. उन्होंने भारत को ग्लोबल साउथ का महत्वपूर्ण हिस्सा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की उभरती महाशक्ति बताते हुए जोर दिया कि भारत को UNSC में स्थायी सदस्य के रूप में मेज पर होना चाहिए.
जयशंकर ने बैठक को बताया ऐतिहासिक
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस पहली V4-भारत विदेश मंत्रियों की बैठक को नया ऐतिहासिक अवसर करार दिया. बैठक में राजनीतिक, आर्थिक, तकनीकी, रक्षा और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर सहमति बनी. दोनों पक्षों ने विदेश मंत्रियों की वार्षिक बैठक और एक वार्षिक बिजनेस फोरम शुरू करने का भी फैसला किया. जयशंकर ने कहा कि तकनीक, इनोवेशन, रक्षा सहयोग, अंतरिक्ष, कनेक्टिविटी, रिसर्च, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत किया जाएगा. उन्होंने रक्षा क्षेत्र में V4 देशों के साथ भारत के मजबूत इतिहास का जिक्र करते हुए इसे आगे बढ़ाने की बात कही.
बैठक में यूक्रेन संघर्ष और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति समेत प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत और V4 देश राजनीतिक-आर्थिक संबंधों को गहरा करने, बहुपक्षवाद को समर्थन देने और जन-से-जन संबंधों का विस्तार करने के लिए मिलकर काम करेंगे. यह समर्थन भारत के लिए कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि देश संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष निर्णय लेने वाले निकाय में अपनी भूमिका बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.