India Pakistan Asia cup: पूर्व भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव (Kedar Jadhav) ने आगामी एशिया कप 2025 (Asia cup 2025) में भारत-पाकिस्तान के बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर बड़ा दावा किया है. जहां क्रिकेट प्रशंसक इस हाई-वोल्टेज मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं जाधव का मानना है कि यह मैच होगा ही नहीं. पूर्व चेन्नई सुपर किंग्स ऑलराउंडर ने कहा कि मुझे लगता है कि भारतीय टीम को बिल्कुल नहीं खेलना चाहिए. जहां तक भारत का सवाल है, मुझे लगता है कि भारत जहां भी खेलेगा, वह हमेशा जीतेगा, लेकिन यह मैच नहीं खेला जाना चाहिए और न ही खेला जाएगा. मैं यह आत्मविश्वास से कह सकता हूं... ऑपरेशन सिंदूर हिट है, यह सफल है..."
एशिया कप में भारत को ग्रुप ए में ओमान, मेजबान संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान के साथ रखा गया है. ग्रुप बी में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हॉन्गकॉन्ग और श्रीलंका हैं. टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा, और भारत का अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ मुकाबला 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में निर्धारित है. इससे पहले, दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने भी भारत-पाकिस्तान के बहिष्कार पर खुलकर बात की थी. उन्होंने मीडिया से कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते. हम उन्हें इतना महत्व क्यों देते हैं?
हाल ही में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में हरभजन भारत चैंपियंस का हिस्सा थे, जहां टीम ने ग्रुप स्टेज और सेमीफाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था. शिखर धवन, युवराज सिंह, हरभजन, इरफान पठान, सुरेश रैना और यूसुफ पठान जैसे दिग्गजों वाली इस टीम ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह रुख अपनाया था. हरभजन ने कहा कि देश पहले आता है.
उनका मानना है कि सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम को भी पड़ोसी देश के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें समझना होगा कि क्या महत्वपूर्ण है और क्या नहीं. मेरे लिए, हमारे देश का वह जवान जो सरहद पर खड़ा है, जिनके परिवार अक्सर उन्हें नहीं देख पाते, जिनकी शहादत हो जाती है और जो घर वापस नहीं लौट पाते, उनकी इतनी बड़ी कुर्बानी हम सबके लिए है. इसके मुकाबले यह बहुत छोटी बात है कि हम एक क्रिकेट मैच न छोड़ सकें. यह बहुत छोटी सी बात है.