भारतीय वायुसेना का मिग-29 लड़ाकू विमान सोमवार को आगरा के निकट (MiG-29 crash) दुर्घटनाग्रस्त हो गया. भारतीय वायुसेना ने एक बयान में कहा कि आज नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान सिस्टम में खराबी आने के बाद भारतीय वायुसेना का मिग-29 विमान आगरा के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. पायलट की सूझबूझ के कारण जमीन पर जान-माल को कोई नुकसान नहीं हुआ. पायलट सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकल गया.
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए वायुसेना ने जांच के आदेश दिए हैं. इससे पहले 2 सितंबर को राजस्थान के बाड़मेर के निकट मिग-29 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. भारतीय वायुसेना ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि बाड़मेर सेक्टर में नियमित रात्रि प्रशिक्षण मिशन के दौरान भारतीय वायुसेना के मिग-29 में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट को विमान से बाहर निकलना पड़ा. पायलट सुरक्षित है और जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है.
कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं. बाड़मेर के एसपी नरेंद्र मीना ने बताया कि यह घटना आबादी वाले इलाके से दूर हुई. उन्होंने कहा कि किसी की जान जाने की खबर नहीं है. दुर्घटना के दौरान विमान में आग लग गई. 4 जून को महाराष्ट्र के नासिक जिले में निफाड़ तहसील के शिरसगांव गांव के पास भारतीय वायुसेना का सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
पायलट और सह-पायलट दोनों सुरक्षित बाहर निकल गए. दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई जिसे बुझा दिया गया, जबकि विमान के कुछ हिस्से 500 मीटर के दायरे में बिखर गए. भारतीय वायुसेना और एचएएल की सुरक्षा और तकनीकी विंग की टीमों ने घटनास्थल का दौरा किया.