नई दिल्ली: ईरान में भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि वे अगले 48 घंटों तक जहां हैं वहीं रहें. एडवाइजरी में आगे कहा गया है कि लोग घर के अंदर रहें और सभी विद्युत तथा सैन्य प्रतिष्ठानों से दूर रहें तथा बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से भी बचें. एडवाइजरी में कहा गया है, "जो लोग दूतावास द्वारा किराए पर लिए गए होटलों में हैं, वे अंदर ही रहें और दूतावास की ऑन-साइट टीमों से नियमित संपर्क बनाए रखें."

ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बड़ी चेतावनी दी है और कहा है कि आज रात पूरी सभ्यता मर जाएगी. ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि हालांकि वे ऐसा नहीं चाहते, लेकिन यह शायद हो जाएगा. उन्होंने लिखा, "आज रात एक पूरी सभ्यता मर जाएगी, जो कभी वापस नहीं लाई जा सकेगी. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद यह हो जाएगा." उन्होंने कहा कि आज की रात विश्व इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक होगी, क्योंकि 47 साल की जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा.
ईरान की US से सभी संचार बंद
इस बीच, ईरान ने अमेरिका के साथ सभी कूटनीतिक और अप्रत्यक्ष संचार लाइनों को निलंबित कर दिया है, जैसा कि तेहरान टाइम्स ने रिपोर्ट किया है. रिपोर्ट में कहा, "ईरान ने अमेरिका के साथ सभी कूटनीतिक और अप्रत्यक्ष चैनल बंद कर दिए हैं. किसी भी प्रकार का संदेश आदान-प्रदान भी निलंबित कर दिया गया है."
हफ्तों से चल रहे संघर्ष के दौरान, अमेरिका और उसके सहयोगी इजराइल ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए, देश के शीर्ष नेतृत्व को मार गिराया और देश के बुनियादी ढांचे के बड़े हिस्से को तबाह कर दिया है. ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वाशिंगटन समयानुसार मंगलवार की देर शाम से अमेरिकी बल ईरान में हर पुल को नष्ट कर देंगे और देश में हर पावर प्लांट को ठप कर देंगे. कई विशेषज्ञों का कहना है कि यह एक स्पष्ट युद्ध अपराध होगा.
ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वे संभावित युद्ध अपराध करने की चिंता बिल्कुल नहीं करते और उन्होंने फिर से धमकी दी कि अगर तेहरान मंगलवार शाम 8 बजे ईएसटी तक होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से नहीं खोलता, तो वे ईरानी बुनियादी ढांचे को नष्ट कर देंगे.
ईरान का करारा जवाब
इस्लामिक रिपब्लिक ने ट्रंप को जवाब देते हुए कहा, "आप और आपके सहयोगी प्राचीन ईरानी सभ्यता से एक ऐसा झटका खाएंगे जिसे कभी नहीं भूल पाएंगे". तुर्किये में ईरानी दूतावास ने एक्स पर लिखा कि "एक Psychopath की धमकी उस चीज को खत्म नहीं कर सकती जिसे समय भी नहीं मिटा सका". पोस्ट में लिखा था, "सिकंदर ने इसे जला दिया था. मंगोलों ने इसे लूट लिया था. इतिहास ने इसे परखा था. ईरान अब भी यहां है. एक Psychopath की धमकियां उस चीज को खत्म नहीं कर सकतीं जिसे समय नहीं मिटा सका."