JNU में भारतीय ज्ञान परंपराओं को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया

Ajay Thakur 17 Nov 2024 01:50: PM 1 Mins
JNU में भारतीय ज्ञान परंपराओं को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने अब भारतीय ज्ञान परंपराओं (IKT) को छात्रों के लिए एक वैकल्पिक विषय के रूप में शुरू किया है. इस नए प्रयास के तहत, विज्ञान, इंजीनियरिंग, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में पढ़ाई करने वाले सभी छात्रों को भारतीय पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के बारे में सीखने का मौका मिलेगा. विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह कोर्स सभी स्कूलों और केंद्रों में उपलब्ध होगा, और प्रत्येक विभाग इसे अपनी विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुसार ढाल कर छात्रों को प्रदान करेगा.

भारतीय ज्ञान परंपराएं:

भारतीय ज्ञान परंपराएँ भारत की प्राचीन और समृद्ध ज्ञान प्रणालियों का समूह हैं, जो सदियों से विकसित हुई हैं. इनमें पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियाँ, प्राचीन इंजीनियरिंग, वैदिक विज्ञान, दार्शनिक लेखन, और सामाजिक-आर्थिक रिवाज शामिल हैं. भारतीय विश्वविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा पहले ही कई कदम उठाए जा चुके हैं.

कोर्स का उद्देश्य और छात्रों के लिए लाभ:

इस कोर्स के तहत, विशेष रूप से इंजीनियरिंग छात्रों को प्राचीन भारतीय इंजीनियरिंग तकनीकों, जैसे जल प्रबंधन प्रणालियों और ऐतिहासिक वास्तुकला के बारे में पढ़ाया जाएगा. वहीं, प्रबंधन छात्रों को प्राचीन भारत के प्रशासनिक और आर्थिक ढांचे, जैसे व्यापारिक गिल्ड सिस्टम और चाणक्य के "अर्थशास्त्र" के बारे में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा. 

इस कोर्स का उद्देश्य छात्रों को न केवल आधुनिक विषयों में दक्ष बनाना है, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और बौद्धिक धरोहर से भी परिचित कराना है. विश्वविद्यालय का मानना है कि इन पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों का अध्ययन छात्रों को एक विस्तृत दृष्टिकोण प्रदान करेगा, जो उनके विचारों और समझ को गहरा करेगा.

नई केंद्रों की स्थापना:

इसके अतिरिक्त, JNU ने हाल ही में बौद्ध, जैन और हिंदू अध्ययन के लिए नए केंद्रों की स्थापना की है. इन केंद्रों में प्राचीन भारतीय धार्मिक और दार्शनिक परंपराओं पर शोध और अध्ययन को बढ़ावा दिया जाएगा. JNU में कुल 13 स्कूल हैं, जो विभिन्न शैक्षिक विषयों में केंद्र संचालित करते हैं, और अब इन केंद्रों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपराओं पर और अधिक ध्यान केंद्रित किया जाएगा.

education JNU JNU News Jawaharlal Nehru University

Recent News