पटना में दरोगा के लापता बेटे की मिली लाश, FIR दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

Global Bharat 24 May 2024 05:15 PM 1 Mins
पटना में दरोगा के लापता बेटे की मिली लाश, FIR दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

बिहार की राजधानी पटना में एक दरोगा के बेटे की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक किशोर की उम्र 16 वर्ष बताई जा रही है और वह सिमुलतला विद्यालय में पढ़ाई करता था. मृतक किशोर कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा. जानकारी मिली है कि किशोर की लाश एक अंडर कंस्ट्रक्शन मकान की छत पर मिली है.

वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिवार में गम का माहौल है. मृतक छात्र की पहचान अररिया जिले के पलासी थाने में तैनात दरोगा विजय कुमार के 16 वर्षीय पुत्र अनुभव कुमार के रूप में की गई है. मृतक अनुभव 10वीं का छात्र था और जमुई के सिमुलतला विद्यालय में पढ़ाई करता था. 

जानकारी के मुताबिग मृतक छात्र एक मई को स्कूल में छुट्टी होने पर घर आया था. इस दौरान वह कोचिंग पढ़ने के लिए जाया करता था. इसी बीच 20 मई को वह कोचिंग पढ़ने की कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. घर वाले जी जान से उसकी तलाश कर रहे थे.

इसी बीच पास के अंडर कंस्ट्रक्शन मकान से दुर्गंध आने पर वहां जाकर देखा गया तो, फर्श पर उसकी लाश पड़ी हुई थी. वहीं छात्र ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने हत्या कर दी है इस बात की जानकारी अभी तक नहीं मिली है. पुलिस छानबीन में जुटी हुई है.

Recent News