औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है. रिटायर्ड दारोगा की बहू ने पुलिस अधीक्षक (SP) की कुर्सी पर बैठकर रील बनाई, जिसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते ही बवाल खड़ा हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और महिला को अपना अकाउंट डिलीट करके माफी मांगनी पड़ी.
उत्तर प्रदेश में एसपी की सीट में बैठकर मैडम रिलबाजी कर रही थी। रिल वायरल होने के बाद माफी मांग ली। ससुर जी के रिटायरमेंट के कार्यक्रम में मैडम गई थी वहीं एसपी की सीट में बैठ गई। pic.twitter.com/Lj9RFTyKeR
— Vikas Gour (@anityagour) July 2, 2026
मामला 30 जून का है, जब ककोर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में चार पुलिसकर्मियों की सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया था. कार्यक्रम समाप्त होने और अधिकारियों के चले जाने के बाद रिटायर्ड उप-निरीक्षक की बहू खाली सभागार में रुक गई. उसने SP की मुख्य कुर्सी पर बैठकर और घूम-घूमकर रील वीडियो बना ली.
महिला ने इस रील को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (लगभग 16 हजार फॉलोअर्स) पर अपलोड कर दिया. वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने सरकारी कार्यालय की गरिमा भंग करने पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं. औरैया पुलिस के SP अभिषेक भारती के निर्देश पर तुरंत मामले की जांच शुरू की गई.
पुलिस ने रिटायर्ड दारोगा से संपर्क किया. इसके बाद महिला और उनके ससुर ने अपनी भूल स्वीकार कर ली. महिला ने विवादित रील डिलीट कर दी, अपना पूरा इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया और माफी मांगते हुए वीडियो भी जारी किया.
पुलिस ने आधिकारिक रूप से बताया कि यह भूलवश हुआ था. SP ने महिला को भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त चेतावनी दी है. यह घटना सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ और सरकारी संस्थानों की गरिमा को लेकर नई बहस छेड़ गई है.