इस्लामाबाद: पाकिस्तान के लाहौर में दो विदेशी महिलाओं (एक नीदरलैंड और एक वेनेजुएला की नागरिक) के साथ कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के रिश्तेदार मुहम्मद रजा डार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
लाहौर की एक अदालत ने शुक्रवार को चारों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. एक आरोपी अभी फरार है. पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को बताया कि 29 जून को लाहौर पहुंचने के बाद उन्हें अपहरण कर एक मकान में ले जाकर गैंगरेप किया गया. आरोपियों ने उनकी रिहाई के बदले फिरौती की भी मांग की थी.
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता के पिता ने स्पेन से पुलिस को फोन कर बेटी के खतरे की सूचना दी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बरामद किया.
मुख्य आरोपी मुहम्मद रजा डार के साथ महिलाओं की मुलाकात अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में हुई थी. दोनों क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. इशाक डार की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.