हापुड़ DSO सीमा चौधरी पर 15 लाख काली कमाई और जमीन हड़पने का आरोप, मां ने दर्ज कराई FIR

Amanat Ansari 03 Jul 2026 07:45: AM 1 Mins
हापुड़ DSO सीमा चौधरी पर 15 लाख काली कमाई और जमीन हड़पने का आरोप, मां ने दर्ज कराई FIR

सहारनपुर: एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अपनी ही बेटी हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा चौधरी के खिलाफ मां ने पुलिस में शिकायत कर दी. मुनेश रानी नाम की महिला ने अपनी बेटी समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है.

सहारनपुर के सरसावा थाने में 30 जून को दर्ज FIR के मुताबिक, सीमा चौधरी ने गाजियाबाद के आईसीआईसीआई बैंक में मां के नाम पर खाता खुलवाया था. खाते का संचालन खुद बेटी करती थी और मां को किसी लेन-देन की जानकारी नहीं दी जाती थी. बिना मां की अनुमति के खाते में 15 लाख रुपये जमा कराए गए. जब मां को बैंक मैसेज आया, तब उन्हें इसकी जानकारी हुई. मुनेश रानी का आरोप है कि बेटी ने अपनी कथित काली कमाई को छिपाने के लिए उनके खाते का इस्तेमाल किया.

जमीन हड़पने की साजिश का गंभीर आरोप

मुनेश रानी ने यह भी आरोप लगाया कि सीमा चौधरी ने भू-माफिया गिरोह के साथ मिलकर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची. 16 सितंबर 2023 को फर्जी रसीद तैयार की गई, जिसमें उनके जाली हस्ताक्षर किए गए. जब उन्होंने विरोध किया तो जान से मारने की धमकियां मिलीं. डर के मारे उन्हें अपनी जमीन देहरादून की नैंसी जोशी के नाम बेचनी पड़ी.

एफआईआर में सीमा चौधरी के अलावा संजीव कुमार, गंभीर, राजेंद्र राणा और नरेश कुमार नामजद हैं. पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद FIR दर्ज की है. नकुड़ क्षेत्र के सीओ पवन कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी. सीमा चौधरी फिलहाल हापुड़ में डीएसओ के पद पर तैनात हैं. पुलिस पूरे मामले की गहन विवेचना कर रही है.

Hapur DSO Seema Chaudhary Saharanpur Officer FIR

Recent News