इंटरनेशनल डेस्क: ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रही भीषण जंग के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने पूरी दुनिया को सन्न कर दिया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का वो आलीशान महल, जो कभी देश की सत्ता का सबसे बड़ा केंद्र हुआ करता था, वह अब पूरी तरह से मलबे के ढेर में तब्दील हो चुका है। ईरान ने पहली बार एक आधिकारिक वीडियो जारी कर दुनिया को दिखाया है कि कैसे एक साथ 35 मिसाइलों ने हमला कर खामेनेई के इस अभेद्य किले को खंडहर बना दिया। पहली बार सामने आईं इन तस्वीरों ने मध्य पूर्व (Middle East) के युद्ध को एक नए और बेहद खतरनाक मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है।
35 मिसाइलों का सटीक प्रहार और जमींदोज हुआ किला
जारी किए गए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि हमला कितना भीषण और सटीक था। अत्याधुनिक मिसाइलों ने एक के बाद एक खामेनेई के मुख्य आवास और कमान सेंटर को निशाना बनाया। जिस महल की सुरक्षा में परिंदा भी पर नहीं मार सकता था, उसकी छतें ढह चुकी हैं, दीवारें मलबे में तब्दील हो चुकी हैं और चारों तरफ सिर्फ बारूद का धुआं और तबाही के निशान हैं। सुरक्षा विश्लेषकों के मुताबिक, इस स्तर के हमले के लिए बेहद सटीक खुफिया जानकारी (Intelligence) और अत्याधुनिक बंकर-बस्टर मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया है, जिसने महल की मजबूत कंक्रीट की परतों को भी चीर कर रख दिया।
ईरान का पलटवार और दुनिया पर महायुद्ध का खतरा
अब सीजफायर के बाद ईरान की तरफ से भी भीषण जवाबी कार्रवाई की खबरें हैं, जिसमें कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलों की बारिश की गई है। खामेनेई के महल की इन तस्वीरों ने यह साफ कर दिया है कि यह जंग अब किसी समझौते की तरफ नहीं, बल्कि एक पूर्ण परमाणु या वैश्विक युद्ध की तरफ बढ़ रही है। अमेरिका और इजरायल की इस संयुक्त कार्रवाई ने ईरान के अहंकार को गहरी चोट पहुंचाई है, जिसका असर आने वाले दिनों में और भयानक रूप में देखने को मिल सकता है।