वॉशिंगटन/तेहरान: अमेरिका-ईरान के बीच हालिया सीजफायर के बावजूद तनाव कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की कोशिश की तो अमेरिका ऐसा जवाब देगा जो पहले कभी नहीं देखा गया.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "ईरान पर 1000 मिसाइलें तान रखी हैं. जरूरत पड़ी तो हजारों और दाग दी जाएंगी. मेरी हत्या की कोशिश की तो ईरान को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा." उन्होंने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई के आदेश पहले ही दे दिए गए हैं और अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है.
अमेरिका ने इजराइल से वापस बुलाए F-22 स्टेल्थ जेट
इजराइली मीडिया 'कान न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने इजराइल से अपने 12 F-22 स्टेल्थ फाइटर जेट्स वापस बुलाने शुरू कर दिए हैं. ये विमान फरवरी से इजराइल के ओवदा एयरबेस पर तैनात थे और ईरान के खिलाफ हालिया अभियानों में शामिल रहे थे.
उधर ईरान ने चेतावनी दी कि अगर इजराइल ने फिर हमला किया तो कड़ा जवाब मिलेगा. अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के नियंत्रण के दावे को खारिज किया. कतर ने दोनों पक्षों से तनाव कम करने की अपील की और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने तेल आपूर्ति पर संकट की चेतावनी दी. ट्रंप की यह आक्रामक मुद्रा मध्य पूर्व में फिर से तनाव बढ़ा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच सीजफायर के बावजूद शांति कायम करना चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है.