वियतनाम में मची चीख-पुकार, 32 भारतीयों से भरी नाव नदी में पलटी, 18 का रेस्क्यू हुआ, 14 की तलाश जारी!

Rahul Jadaun 11 Jul 2026 05:04: PM 1 Mins
वियतनाम में मची चीख-पुकार, 32 भारतीयों से भरी नाव नदी में पलटी, 18 का रेस्क्यू हुआ, 14 की तलाश जारी!

इंटरनेशनल डेस्क : वियतनाम में एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला बड़ा अंतरराष्ट्रीय हादसा सामने आया है। वहां के मशहूर फुकुओक द्वीप (Phu Quoc Island) के पास स्थित हॉन मे रुत न्गोई (Hon May Rut Ngoai) के करीब 32 भारतीय पर्यटकों से भरी एक तेज़ रफ्तार नाव (स्पीडबोट) अचानक नदी/समुद्र के तेज बहाव में अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही पानी में चीख-पुकार मच गई। वियतनाम के स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 18 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल (रेस्क्यू) लिया है, जबकि बाकी बचे 14 लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हादसे के बाद वियतनाम और भारत में हड़कंप मच गया है।

सुबह 10:30 बजे हुआ हादसा, भारतीय दूतावास ने संभाला मोर्चा

वियतनाम में भारतीय दूतावास और स्थानीय मीडिया से मिले पुख्ता आंकड़ों के अनुसार, यह भीषण हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। नाव में सवार सभी लोग भारतीय पर्यटक थे, जो द्वीप की सैर पर निकले थे। घटना की जानकारी मिलते ही हनोई (Hanoi) स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी (Ho Chi Minh City) स्थित महावाणिज्य दूतावास ने तुरंत वियतनामी अधिकारियों से संपर्क साधा।

भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक आधिकारिक बयान जारी कर इस हादसे की पुष्टि की और कहा— "एक बेहद दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फुकुओक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई है। स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव कार्य जारी रहने के कारण घटना के सटीक विवरण का पता लगाया जा रहा है।"

मदद के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी

प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद और जानकारी पहुंचाने के लिए भारतीय दूतावास ने तुरंत हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। दूतावास द्वारा जारी आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर निम्नलिखित हैं, जिन पर संपर्क करके सहायता ली जा सकती है:

हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम: +84-36-281-7930, +84-91-552-3714 और +84-33-452-0414

हनोई दूतावास कंट्रोल रूम: +84-91-308-9165

वियतनाम के स्थानीय कोस्ट गार्ड और गोताखोरों की टीमें लापता 14 भारतीयों को ढूंढने के लिए लगातार हवाई और जलीय गश्ती कर रही हैं। भारतीय दूतावास पल-पल की स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, उन्हें तुरंत अपडेट किया जाएगा।

#VietnamBoatAccident #IndianTourists #PhuQuocIsland #RescueOperation #IndianEmbassy #InternationalNews #BreakingNews

Recent News