Maharashtra News : महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने एक कथित देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पांच महिलाओं को मुक्त कराया है. कार्रवाई अंबाझरी थाना क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा शाखा द्वारा की गई. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल ऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे और महिलाओं को अधिक कमाई का लालच देकर देह व्यापार में धकेलते थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने डिकॉय ग्राहक की मदद से गोकुलपेठ स्थित एक होटल के बाहर छापा मारकर कार्रवाई की.
पुलिस के अनुसार, इस अभियान में उज़्बेकिस्तान की दो महिलाओं सहित दिल्ली, पंजाब और कोलकाता की कुल पांच महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया. मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन माणिकराव महाजन के रूप में हुई है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 5.18 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त की, जिसमें एक कार, मोबाइल फोन और नकदी शामिल है. फरार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संचालन किन-किन राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं.