महाराष्ट्र : महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल सेक्स रैकेट का सनसनीखेज भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह मोबाइल एप्लिकेशन (App) और डिजिटल माध्यमों के जरिए ग्राहकों की बुकिंग करता था और मांग के अनुसार उज्बेकिस्तान, दिल्ली और पंजाब जैसे राज्यों से लड़कियों को नागपुर बुलाकर देह व्यापार के धंधे में धकेलता था। पुलिस ने इस छापेमारी में दो उज्बेकिस्तानी महिलाओं सहित कुल पांच पीड़िताओं को रेस्क्यू (मुक्त) कराया है, वहीं रैकेट चलाने वाले दो मुख्य दलालों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
होटल और पॉश फ्लैटों पर पुलिस की रेड, उज्बेक महिलाएं बरामद
नागपुर पुलिस की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि शहर के बजाज नगर और प्रतापनगर थाना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जिस्मफरोशी का धंधा संचालित किया जा रहा है। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और एक फर्जी ग्राहक (पॉन्टर) तैयार कर दलालों से संपर्क साधा। सौदा पक्का होते ही पुलिस टीम ने बजाज नगर के 'होटल होलीडे इन' और प्रतापनगर के एक पॉश फ्लैट पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मौके से दो उज्बेकिस्तानी (Uzbekistan) महिलाओं, दिल्ली, कोलकाता और पंजाब की युवती को बरामद किया। जांच में सामने आया है कि दोनों विदेशी महिलाएं वर्तमान में वैध टूरिस्ट वीजा पर भारत आई हुई थीं, लेकिन दलाल उनका इस्तेमाल इस अवैध धंधे के लिए कर रहे थे।