नई दिल्ली: पाकिस्तान ने शुक्रवार को साफ संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2027 में इस्लामाबाद में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया जाएगा. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि SCO के मेजबान देश के रूप में पाकिस्तान सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों को न्योता भेजेगा.
इसमें भारत भी शामिल है. प्रवक्ता ने स्पष्ट किया, ''न्योता मेजबान देश का दायित्व है और इसे SCO की स्थापित प्रक्रिया के अनुसार जारी किया जाएगा.'' पाकिस्तान 2027 में SCO शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है. यह संगठन की रोटेटिंग प्रेसीडेंसी और मेजबानी व्यवस्था का हिस्सा है. SCO में कुल 10 सदस्य देश हैं- चीन, रूस, भारत, पाकिस्तान, कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस.
संगठन का मुख्य उद्देश्य यूरेशियाई क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देना है. उल्लेखनीय है कि इसी ब्रीफिंग में जब आसियान बैठकों के साइडलाइंस पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तानी विदेश मंत्री की संभावित मुलाकात के बारे में पूछा गया, तो पाकिस्तानी प्रवक्ता ने कहा कि इस्लामाबाद को नई दिल्ली से किसी ऐसे अनुरोध की जानकारी नहीं है.