Maharashtra News : महाराष्ट्र के जालना जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के मुख्य बस स्टैंड के सामने स्थित दुर्गा लॉज में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया, जबकि लॉज के मालिक, मैनेजर और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.
पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि दुर्गा लॉज में अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक डिकॉय (फर्जी) ग्राहक भेजा. सौदा तय होते ही पहले से तैयार पुलिस टीम ने लॉज पर छापा मार दिया. कार्रवाई के दौरान कमरों से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया और मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लॉज का इस्तेमाल कथित तौर पर ग्राहकों को बुलाकर देह व्यापार कराने के लिए किया जा रहा था. पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट का संचालन कब से हो रहा था और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका थी. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मुक्त कराई गई महिलाओं को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद संरक्षण गृह भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी और अवैध देह व्यापार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा इस मामले में जुड़े हर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.