हरियाणा : भिवानी जिले के सण्डवा गांव का एक किसान परिवार आज पूरे इलाके के लिए प्रेरणा बन गया है. किसान अत्तर सिंह के चारों बेटे-बेटियों ने अलग-अलग सुरक्षा बलों में नौकरी हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
इस परिवार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि चारों भाई-बहन अब खाकी वर्दी में देश और समाज की सेवा कर रहे हैं, इनमें से एक दिल्ली पुलिस में, एक हरियाणा पुलिस में, एक चंडीगढ़ पुलिस में और चौथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है. एक ही किसान परिवार से चार सरकारी नौकरियां निकलना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
अत्तर सिंह और उनकी पत्नी भले ही अधिक पढ़े-लिखे नहीं हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने बच्चों की शिक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकता दी. सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद उन्होंने कभी बच्चों की पढ़ाई में बाधा नहीं आने दी. बच्चों ने भी माता-पिता के विश्वास को अपनी मेहनत से सफल साबित किया और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर खाकी वर्दी पहनने का सपना पूरा कर लिया.
परिवार की इस उपलब्धि से गांव सण्डवा में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यह सफलता केवल इस परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव का गौरव है. चारों भाई-बहनों की कहानी आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सरकारी नौकरी का सपना देखते हैं. यह परिवार इस बात का जीवंत उदाहरण है कि मजबूत इरादे, लगातार मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी मंजिल भी हासिल की जा सकती है.