पटना. बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी का चुनावी हलफनामा सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गया है. नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में अभिषेक बंटी ने खुलासा किया है कि उनके पास न तो कोई बंगला है, न ही कोई अचल संपत्ति.
उन पर किसी प्रकार का क्रिमिनल केस दर्ज नहीं है. उन्होंने मात्र मैट्रिक तक ही पढ़ाई की है. 42 वर्षीय अभिषेक बंटी की कुल संपत्ति लगभग 19.60 लाख रुपये बताई गई है, जिसमें 70 हजार रुपये नकद, बैंक में 29 हजार रुपये, 11 ग्राम सोने के आभूषण और दो वाहन (एक होंडा कार व एक मोटरसाइकिल) शामिल हैं. उन्होंने बैंक ऑफ महाराष्ट्र से करीब 10 लाख रुपये का लोन भी लिया हुआ है. उनकी सालाना आय करीब 4.98 लाख रुपये है, जो व्यापार से आती है.
अभिषेक बंटी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं. वह भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी रह चुके हैं और बांकीपुर क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं. वे पूर्व बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं. बांकीपुर सीट नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई है. यहां 30 जुलाई को मतदान होगा. अभिषेक बंटी का मुख्य मुकाबला जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और RJD की रेखा गुप्ता से होगा.
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे, जिससे पार्टी में एकजुटता का संदेश गया. साधारण पृष्ठभूमि वाले इस उम्मीदवार का हलफनामा इस बार बांकीपुर उपचुनाव की एक बड़ी चर्चा बन गया है.