टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच चेन्नई में खेले जा रहे 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक बड़ा मुकाम हासिल किया है. इस मैच में जसप्रीत बुमराह ने 400 इंटरनेशनल विकेट पूरे कर लिए हैं. वह भारत के दसवें गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं. खास बात यह है कि बुमराह ने इस उपलब्धि के साथ पूर्व भारतीय गेंदबाज हरभजन सिंह का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. इस तरह, वह एक खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं.
दरअसल अब तक बुमराह ने 196 इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है. इस दौरान उन्होंने 227 पारियों में 400 विकेट लिए हैं. एक पारी में बुमराह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट पर 19 रन का रहा है. चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ भी बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए विरोधी बल्लेबाजों को परेशान किया.
आपको बता दें, जसप्रीत बुमराह ने हरभजन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 400 विकेट लेने का कारनामा किया है. खास बात यह है कि बुमराह ने यह उपलब्धि सबसे कम पारियों में हासिल की है. बुमराह ने 227 पारियों में 400 विकेट लिए, जबकि हरभजन को यह उपलब्धि पाने में 237 पारियां लगीं थीं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर रविचंद्रन अश्विन हैं, जिन्होंने 216 पारियों में 400 विकेट पूरे किए थे. वहीं, कपिल देव ने 220 पारियों में 400 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज थे.
जसप्रीत बुमराह अब उन भारतीय तेज गेंदबाजों की लिस्ट में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं. इस सूची में सबसे ऊपर कपिल देव हैं, जिन्होंने 687 विकेट लिए थे. दूसरे स्थान पर जहीर खान हैं, जिनके नाम 610 विकेट दर्ज हैं. तीसरे स्थान पर जावागल श्रीनाथ हैं, जिन्होंने 551 विकेट लिए थे.
गौरतलब हो खबर लिखे जाने तक चेन्नई टेस्ट में बुमराह ने बांग्लादेश की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 11 ओवर में 50 रन देकर 4 विकेट झटके हैं, जिसमें 1 मेडन ओवर भी शामिल है. बुमराह ने बांग्लादेश के शादमान इस्लाम, मुशफिकुर रहीम, हसन महमूद और तस्कीन अहमद को पवेलियन भेजा.