लखनऊ : राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए सियासी संदेश दिया है. जयंत चौधरी ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि वह किसी को अपना दुश्मन न बनाएं. उन्होंने कहा, मैंने उन्हें छेड़ा भी नहीं, वो बार-बार बोल रहे हैं. जयंत का यह बयान सीधे तौर पर अखिलेश यादव के साथ बढ़ती राजनीतिक बयानबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है.
कार्यक्रम के दौरान जयंत चौधरी ने मंच से सपा नेताओं के पुराने वीडियो भी चलवाए. इसके जरिए उन्होंने सपा की राजनीति और उसके नेताओं के बयानों पर निशाना साधा। जयंत ने अपने अंदाज में कहा कि राजनीति की ABCD छोड़िए, हम आपको G और J में फंसा देंगे. उन्होंने G का मतलब गन्ना और J का मतलब जाट बताया. इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फिर SP नहीं आएगा.
जयंत चौधरी का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. पश्चिमी यूपी में RLD की सक्रियता और जाट वोट बैंक पर उसकी पकड़ को लेकर लगातार चर्चा हो रही है.वहीं, सपा भी 2027 के लिए अपना संगठन मजबूत करने और विपक्षी दलों के साथ समीकरण साधने में जुटी है.
जयंत के बयान में गन्ने का मुद्दा भी अहम है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में गन्ना किसानों और चीनी मिलों से जुड़े मुद्दे लंबे समय से चुनावी बहस के केंद्र में रहे हैं. ऐसे में G और J का जिक्र महज तंज नहीं, बल्कि पश्चिमी यूपी के राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा माना जा रहा है. अब जयंत के इस पलटवार के बाद अखिलेश यादव की ओर से क्या जवाब आता है, इस पर सबकी नजर है.