Jyoti Malhotra: पाकिस्तान के इशारे पर काम करने के आरोपों में गिरफ्तार की गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। शुरुआती पूछताछ हरियाणा पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमों ने मिलकर की। सूत्रों के मुताबिक, ज्योति के कबूलनामे से साफ होता है कि वह पाकिस्तानी एजेंसियों के संपर्क में थी और उनके इशारे पर काम कर रही थी।
कबूलनामे में क्या बोली ज्योति?
ज्योति मल्होत्रा ने बताया कि वह "ट्रैवल विद जो" नाम से यूट्यूब चैनल चलाती है और 2023 में पाकिस्तान जाने के लिए दिल्ली स्थित पाक हाई कमीशन पहुंची थी। वहीं उसकी मुलाकात एक अफसर अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से हुई। इसके बाद वह दो बार पाकिस्तान गई, जहां दानिश ने उसे अपने सहयोगी अली हसन से मिलवाया। अली ने वहां उसके ठहरने और घूमने का इंतजाम किया और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से भी मुलाकात करवाई।
भारत वापसी के बाद जारी रहा संपर्क
भारत लौटने के बाद ज्योति व्हाट्सऐप, स्नैपचैट और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान में मौजूद संपर्कों से लगातार संवाद करती रही। उसने शाकिर नामक पाकिस्तानी एजेंट का मोबाइल नंबर "जट रधांवाश" के नाम से सेव किया ताकि किसी को शक न हो।
एजेंसियों के निशाने पर कई सवाल
जांच एजेंसियां अब यह जानने में जुटी हैं कि क्या ज्योति की पाकिस्तान यात्रा वास्तव में आध्यात्मिक उद्देश्य से थी या फिर वह पहले से तय एक साजिश का हिस्सा थी? क्या उसे वहां से आर्थिक या तकनीकी मदद मिली? और क्या सोशल मीडिया पर शेयर किया गया कुछ संवेदनशील कंटेंट किसी पाकिस्तानी "हैंडलर" की ब्रीफिंग के तहत तैयार हुआ था?
टूटा मोबाइल बना अहम सुराग
जांच के दौरान एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसे फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। डिलीट किए गए डेटा को रिकवर किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मोबाइल से कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
पूरे नेटवर्क का खुलासा
अब तक उत्तर भारत में पाकिस्तान से जुड़े इस नेटवर्क के तहत पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हरियाणा सरकार ने सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनलों पर निगरानी बढ़ा दी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सुमिता मिश्रा ने बताया कि कुछ चैनल बार-बार नाम बदलकर देशविरोधी सामग्री फैला रहे हैं। पुलिस मुख्यालय और CID स्तर पर निगरानी सेल सक्रिय है, और आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।