कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष ने बुधवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ रही हैं और एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में जनता और बंगाल के हित में काम करती रहेंगी.
दरअसल, लोकसभा चुनाव के बाद टीएमसी नेतृत्व ने उन्हें पार्टी के मुख्य सचेतक पद से हटाकर उनकी जगह कल्याण बनर्जी को जिम्मेदारी दी थी. इसके बाद से ही उनके नाराज होने की चर्चाएं तेज थीं. कुछ समय पहले उन्होंने बारासात जिला अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दिया था, जिससे राजनीतिक अटकलों को और बल मिला.
अब सवाल उठ रहा है कि क्या काकोली घोष भी टीएमसी को बड़ा झटका देने वाली हैं? बंगाल की सियासत में चर्चा है कि वह जल्द भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकती हैं. हालांकि, अभी तक उन्होंने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
इन अटकलों को उस वक्त और हवा मिली जब कल्याण बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी पोस्ट साझा की. उन्होंने लिखा, आपकी आगे की यात्रा सुगम और आरामदायक हो. आपको और आपके परिवार को शानदार भविष्य के लिए शुभकामनाएं. इसके साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि अब शायद आपके आसपास के सभी दाग और विवाद धुल जाएंगे. इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं. फिलहाल सबकी नजर काकोली घोष दस्तीदार के अगले कदम पर टिकी हुई है.