Kriti Sanon Kangana Ranaut: रक्षाबंधन के त्योहार से पहले कृति सेनन का एक ज्वेलरी विज्ञापन सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गया है. अब इस विवाद में कंगना रनौत भी कूद पड़ी हैं. कंगना ने कृति के आउटफिट पर तंज कसते हुए ऐड को जानबूझकर क्रीपी करार दिया है. विज्ञापन में कृति सेनन ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने नजर आती हैं.
वे रक्षाबंधन मनाती हुई दिखाई गई हैं, जिसमें एक दृश्य में कुत्ते को भी राखी बांधती दिखती हैं. इस इंडो-वेस्टर्न लुक को लेकर कई यूजर्स ने आपत्ति जताई कि पारंपरिक त्योहार के विज्ञापन में इतना बोल्ड पहनावा उचित नहीं है.
कंगना ने लिखा, ''यह महिला होने का शानदार समय है. हमारी अलमारी तरह-तरह के कपड़ों से भरी हुई है. आज की महिला ग्लोबल है. कॉकटेल ड्रेसेस से लेकर लहंगा-चोली तक, जींस से साड़ियों तक, बिकिनी से सलवार-कमीज तक… इतने सारे ऑप्शन होने के बावजूद आप अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेंगी? आपके सारे स्टाइलिंग ऑप्शन कहां चले गए? हाहा, ऐड काफी क्रीपी लग रहा है.''
कंगना ने सीधे कृति का नाम नहीं लिया, लेकिन साफ था कि इशारा इसी विज्ञापन की ओर है. ऐड रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं. कई यूजर्स ने पूछा कि पारंपरिक त्योहार पर ब्रालेट-स्टाइल आउटफिट क्यों चुना गया.
कुछ ने इसे हिंदू आस्था से खिलवाड़ बताया, तो कुछ ने कहा कि ईद या अन्य त्योहारों पर ऐसा ऐड नहीं बनेगा. कृति सेनन की तरफ से अभी तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. रक्षाबंधन 28 अगस्त को है और इस विज्ञापन ने त्योहार से पहले ही चर्चा का केंद्र बन लिया है.