कानपुर (उत्तर प्रदेश): एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक 21 वर्षीय महिला ने एक नाबालिग लड़की को समलैंगिक संबंध बनाने के लालच में फंसाकर उसके साथ अपहरण जैसा कांड रच दिया. पुलिस के अनुसार, साढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी 5 अप्रैल को अचानक घर से गायब हो गई. सात अप्रैल को उसकी बड़ी बहन ने थाने में रिपोर्ट लिखाई कि नव्या नाम की एक महिला ने उनकी छोटी बहन को बहका कर ले गई है.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ‘नव्या’ असल में रूमाना खातून नाम की 21 साल की युवती है. रूमाना ने अपनी असली पहचान छिपाकर किशोरी से दोस्ती की और उसे समलैंगिक संबंधों में फंसाया. बाद में वह किशोरी को लेकर पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले चली गई. वहां रूमाना ने किशोरी के साथ एक अजीबोगरीब ‘निकाह’ जैसी रस्म अदा की.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने किशोरी की मांग में खून भरकर शादी जैसी रस्म पूरी की. इस पूरी घटना के फोटो और वीडियो रूमाना के मोबाइल में मौजूद मिले हैं, जिन्हें देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपी का पता लगाया. जब पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची तो रूमाना को इसकी भनक लग गई.
वह किशोरी को लेकर तुरंत ट्रेन पकड़कर गुरुग्राम भागने की कोशिश करने लगी. कानपुर पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी किया और घेराबंदी कर दी. आखिरकार ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचते ही पुलिस ने रूमाना खातून को गिरफ्तार कर लिया और किशोरी को उसके कब्जे से छुड़ा लिया.
पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे उसके परिवारवालों को सौंप दिया. वहीं रूमाना खातून को अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में कोई बड़ा गैंग या संगठित गिरोह शामिल है या यह अकेली रूमाना का काम था.