कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला डॉक्टर को कथित तौर पर लगातार परेशान करने और धमकाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि नौशाद नाम के युवक ने डॉक्टर से दोस्ती करने के लिए करीब 700 बार फोन कॉल किए. डॉक्टर ने जब उसकी बातों का जवाब नहीं दिया तो मामला धमकियों तक पहुंच गया. आरोप है कि युवक ने डॉक्टर और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.
बताया जा रहा है कि नौशाद ने महिला डॉक्टर से संपर्क करने के लिए उनका मोबाइल नंबर उस समय लिया था, जब वह मरीज बनकर इलाज के सिलसिले में उनके पास पहुंचा था, इसके बाद उसने डॉक्टर को फोन करना शुरू कर दिया। शुरुआत में बातचीत और दोस्ती का दबाव बनाने के बाद फोन कॉल की संख्या लगातार बढ़ती गई. डॉक्टर का आरोप है कि उसने करीब 700 कॉल किए.
महिला डॉक्टर के मुताबिक, जब उन्होंने युवक से दूरी बनाने की कोशिश की तो कथित तौर पर धमकियों का सिलसिला शुरू हो गया. आरोप है कि नौशाद ने उनके पति की हत्या करने, उनके साथ रेप करने, चेहरे पर तेजाब फेंकने और बेटी का अपहरण करने जैसी धमकियां दीं. इन धमकियों के बाद डॉक्टर और उनका परिवार बेहद डरा हुआ है.
मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची तो फीलखाना थाना पुलिस ने आरोपी नौशाद को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केवल शांति भंग की कार्रवाई की, जिसके चलते उन्हें अब भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि किसी महिला डॉक्टर को लगातार फोन कर गंभीर अपराधों की धमकी देने के आरोप हैं, तो कार्रवाई कितनी प्रभावी रही. पीड़िता का कहना है कि महज गिरफ्तारी और शांति भंग की कार्रवाई से उन्हें सुरक्षा का भरोसा नहीं मिल रहा.
यह मामला सिर्फ एक महिला डॉक्टर को परेशान करने का नहीं, बल्कि लगातार फोन कॉल, कथित धमकियों और महिला की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला बन गया है.