सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर में जमीन विवाद ने उस वक्त सनसनी फैला दी, जब फायरिंग और मारपीट के आरोप में आईपीएस अधिकारी मयंक वाजपेई के पिता विपिन वाजपेई समेत 10 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. मामला महोली क्षेत्र के अढ़ौरी बाईपास मोड़ का है, जहां 19 बिसवा जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए.
पीड़िता शोभना शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विपिन वाजपेई अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन पर कब्जे को लेकर जमकर हंगामा किया. आरोप है कि इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई. पुलिस के मुताबिक घटना में करीब 25 राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की दुकानें तक बंद हो गईं.
शोभना शुक्ला का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें घर से खींचकर जान से मारने की धमकी भी दी गई. मामले में पुलिस ने 22 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. आरोपियों पर बलवा, फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विपिन वाजपेई समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और मौके से दो तमंचे, कारतूस, लाठी-डंडे, बाइक, इलेक्ट्रिक स्कूटी और पिकअप बरामद किए गए हैं. इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। एफआईआर में गोरखपुर में तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी का नाम भी शामिल है. पुलिस अब बाकी नामजद और अज्ञात आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.